अमलेश्वर : अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम बटंग में शिक्षिका के साथ हुई लूटपाट की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पूर्व जिला पंचायत सभापति मोनू साहू और मंडल अध्यक्ष महेंद्र साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अमलेश्वर थाना पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, स्कूल से घर लौट रही शिक्षिका को बाइक सवार दो युवकों ने पिस्तौल दिखाकर डराया और उनका बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में जरूरी दस्तावेज और करीब पांच हजार रुपये नकद थे। घटना में ई-रिक्शा चालक भी घायल हुआ है।
इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। क्राइम ब्रांच की टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस पूरे मामले में अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत ऋतु बघेल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कांग्रेस नेता मोनू साहू ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध और नशे पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता अमलेश्वर थाना का घेराव करेंगे।

