धमधा। नगर के सचिन एग्रो टेक के पास आज कार और बाइक की भीषण टक्कर में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को पिकअप वाहन में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गंभीर सड़क दुर्घटना के बावजूद 108 एम्बुलेंस का समय पर नहीं पहुंचना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि आम नागरिक मदद के लिए आगे नहीं आते, तो घायलों की जान पर और बड़ा खतरा मंडरा सकता था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
CG आवाज़ की अपील:
सड़क दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

