मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरसींवा विधानसभा को दी निःशुल्क एम्बुलेंस की सौगात

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को निःशुल्क अत्याधुनिक एम्बुलेंस की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विधायक अनुज शर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चालक को वाहन की चाबी सौंपी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी लक्ष्य के तहत स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री साय ने धरसींवा क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी मरीज के लिए उपचार के शुरुआती पल बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर परिस्थितियों में मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों तथा सड़क दुर्घटनाओं या अन्य आपात घटनाओं में घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, दवाइयों की सुगम उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के माध्यम से लगभग 19.65 लाख रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका संचालन किया जाएगा। यह सेवा क्षेत्रवासियों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित एवं समयबद्ध पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

यह पहल धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। डीएमएफ के माध्यम से उपलब्ध कराई गई यह निःशुल्क एम्बुलेंस हजारों नागरिकों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 753