जर्जर स्कूल भवन को लेकर खैरझिटी के ग्रामीणों का आंदोलन का ऐलान, 15 अगस्त को बीईओ कार्यालय तक प्रभात फेरी झंडा रोहन, 17 से पेड़ के नीचे लगेगी कक्षाएं

  • सुशासन में शिक्षण व्यवस्था की दुर्दशा – बाबा टेकसिंह चंदेल किसान नेता

धमधा। ग्राम पंचायत खैरझिटी के जर्जर शासकीय विद्यालय भवन को डिस्मेंटल कर नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं किसान बंधु संगठन, धमधा ब्लॉक ने आंदोलन का ऐलान किया है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमधा को ज्ञापन सौंपकर पूर्व सूचना दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन पिछले कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगभग तीन वर्षों से स्कूल का संचालन पंचायत भवन में किया जा रहा है। कई बार शासन-प्रशासन को आवेदन एवं मांग पत्र सौंपने के बावजूद अब तक भवन को डिस्मेंटल कर नए विद्यालय भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हाल ही में जारी जर्जर भवनों की डिस्मेंटल सूची में भी खैरझिटी विद्यालय का नाम शामिल नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किसान बंधु संगठन, ग्रामवासी एवं स्कूली बच्चे बस स्टैंड धमधा से विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तक प्रभात फेरी निकालेंगे तथा तिरंगा लेकर प्रभात फेरी और झंडा रोहन करेंगे।

इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर सांकेतिक प्रदर्शन 17 अगस्त से ग्राम खैरझिटी में बच्चों को विद्यालय परिसर के बाहर पेड़ के नीचे बैठाकर सांकेतिक रूप से पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक जर्जर विद्यालय भवन को डिस्मेंटल कर नए भवन की स्वीकृति नहीं मिल जाती।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसका उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा के अधिकार तथा नए विद्यालय भवन की मांग को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। ज्ञापन की प्रतिलिपि थाना प्रभारी धमधा एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी धमधा को भी भेजी गई है।

इस मौके पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक श्रीमती डालेश्वरी वर्मा सरपंच खैरझिटी मोती राम वर्मा सरपंच प्रतिनिधि केवल वर्मा अनिल वर्मा तुलसी वर्मा इत्यादि लोगो ने इस सांकेतिक प्रदर्शन को सफल बनाने का आवाहन किया|

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 761