पाठशाला बनी ‘मधुशाला’, स्कूल कार्यालय में शराब पीते मिले दो शिक्षक, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

मैनपुर/गरियाबंद छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक स्थित सुदूर वनांचल ग्राम देवझर-अमाली से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के कार्यालय में स्कूल समय के दौरान दो शिक्षक शराब पीते हुए पाए गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल की कक्षाओं में शिक्षक मौजूद नहीं थे और मासूम बच्चे पढ़ाई छोड़कर परिसर में घूमते और खेलते नजर आए। बच्चों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि “गुरुजी अंदर हैं।” इसके बाद जब स्कूल कार्यालय का दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।

बताया जा रहा है कि शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान निर्धारित ड्रेस कोड की अनदेखी करते हुए जींस और टी-शर्ट में कार्यालय के भीतर शराब का सेवन कर रहे थे। वहीं, स्कूल के तीन अन्य शिक्षक अवकाश पर बताए जा रहे हैं।

पत्रकारों से की अभद्रता

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब घटना की जानकारी मिलने पर मीडिया टीम स्कूल पहुंची। आरोप है कि शराब के नशे में धुत दोनों शिक्षकों ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय पत्रकारों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और अभद्र व्यवहार किया।

ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

ग्राम पंचायत के सरपंच पति गोपाल नेताम ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की हरकत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के भविष्य और उनके मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ तत्काल और कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस पूरे मामले की जांच कर दोषी शिक्षकों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759