पर्यटन को नई उड़ान: भारत को विश्व पर्यटन केंद्र बनाने के लिए मंत्रालय और इंडिगो के बीच समझौता

नई दिल्ली। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) ने गुरुवार को नई दिल्ली में एक रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस गैर-अनन्य और गैर-वित्तीय साझेदारी का उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर एक पसंदीदा पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना और घरेलू व विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करना है।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, अपर सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) सुमन बिल्ला, संयुक्त सचिव हरिकिशोर एस सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इंडिगो की ओर से मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा, क्रिएटिव डायरेक्टर वी. सुनील और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस साझेदारी के तहत ‘इन्क्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो’ नाम से एक वैश्विक संचार अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक पर्यटन, वेलनेस, साहसिक पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन और अन्य अनुभवात्मक पर्यटन स्थलों का देश-विदेश में व्यापक प्रचार किया जाएगा।

अभियान का प्रचार डिजिटल और प्रिंट मीडिया, हवाई अड्डों की ब्रांडिंग, उड़ानों के दौरान उपलब्ध प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रदर्शनियों और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए किया जाएगा। पर्यटन मंत्रालय ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ ब्रांड से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराएगा, जबकि इंडिगो अपने व्यापक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से भारत के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करेगा।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह साझेदारी भारत के पर्यटन प्रचार को नई गति देगी और ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ ब्रांड को दुनिया भर में मजबूत पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भारत की वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थिति और सशक्त होगी।

यह समझौता प्रारंभिक रूप से दो वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। सरकार का मानना है कि यह पहल भारत की पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देने, विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने और देश को विश्व के अग्रणी पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 770