बारिश बनी मुसीबत: कठुआ में बाढ़ का कहर, हाईवे बंद होने से यात्रियों की बढ़ीं परेशानियां

जम्मू: जम्मू संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कठुआ जिले के कई इलाकों में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण बेला और तरनाह नालों में बाढ़ आ गई, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया। वहीं, खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा।

भारी बारिश के बीच श्री माता वैष्णो देवी यात्रा भी प्रभावित हुई है। एहतियात के तौर पर बैटरी कार मार्ग को बंद रखा गया है, हालांकि पुराने मार्ग से श्रद्धालुओं की यात्रा जारी है। कटड़ा-सांझीछत हेलीकॉप्टर सेवा भी मौसम खराब होने के कारण प्रभावित रही।

जम्मू शहर के मल्होत्रा मोहल्ले में बारिश के बाद करीब 80 साल पुराना मकान ढह गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग के मुट्ठी इलाके में एक बस पलटने से नौ यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लगातार बारिश को देखते हुए डोडा जिले में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया। इसके अलावा, कठुआ जिले के हीरानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में पानी भर जाने से मरीजों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर के देवाल और रामबन-बनिहाल के बीच कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से मरम्मत कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

रियासी के सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने और भारी बारिश के दौरान यात्रा न करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बनिहाल में 26.1 डिग्री, बटोत में 25.1 डिग्री, कटड़ा में 28.2 डिग्री और भद्रवाह में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री, पहलगाम में 20.6 डिग्री और गुलमर्ग में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 773