दुर्ग में 10वीं के छात्र से अश्लील हरकत का आरोप, एडॉप्शन सेंटर अध्यक्ष गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। 10वीं कक्षा के एक छात्र से कथित अश्लील हरकत करने के आरोप में मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर के अध्यक्ष डॉ. सुधीर हिशिकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बोरसी स्थित डॉ. सुधीर हिशिकर के क्लीनिक पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी पर छात्र के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर की विस्तृत जांच कराने और उसके पंजीयन को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग भी मामले की जांच में जुट गया है। विभाग एडॉप्शन सेंटर में नियमों और प्रक्रियाओं के पालन की पड़ताल करेगा।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 776