सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर स्थित माधोपाली के पास लात नाला में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नाला उफान पर था। इसी दौरान पुल पार करने का प्रयास कर रही एक चार पहिया वाहन तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। कार में सवार देव ट्रेडर्स घोटला के संचालक देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी लापता हो गए हैं। दोनों की तलाश के लिए प्रशासन ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
पुल के ऊपर बह रहा था पानी
जानकारी के मुताबिक, लात नाला में पानी का बहाव अत्यधिक तेज था और पानी पुल के ऊपर से गुजर रहा था। इसके बावजूद कार चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया। तेज बहाव के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और कुछ ही पलों में गहरे पानी में बह गया।
पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और लापता दंपती की तलाश के लिए विशेष गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन में सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नाले का तेज बहाव और गहराई इतनी अधिक थी कि कोई भी कार तक नहीं पहुंच सका।
प्रशासन की अपील
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों, पुलों और रपटों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।

