रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बिलासपुर सहित कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती घेरा) और द्रोणिका (ट्रफ लाइन) के प्रभाव से मानसून की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इसी वजह से सरगुजा संभाग और बिलासपुर संभाग के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
वहीं, राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटों तक मौसम सामान्य से अधिक बदला हुआ रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।

