रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छत्तीसगढ़ प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संत रविदास की 650वीं जयंती और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत भाजपा की एक टीम वाराणसी जाएगी, जहां संत रविदास स्मारक से पवित्र मिट्टी और जल लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचेगी। इस पवित्र मिट्टी और जल को प्रदेश के विभिन्न देवस्थलों तक पहुंचाया जाएगा तथा मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘वंदे मातरम्’ बाइक रैली का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में नेताओं ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत किया जाएगा। प्रदेश भाजपा संगठन जल्द ही सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

