दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, राजीव गुप्ता बने प्रभारी महामंत्री

दुर्ग। दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) में संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से व्यापक फेरबदल किया गया है। जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर द्वारा जारी आदेश के तहत 60 से अधिक पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

इस फेरबदल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव गुप्ता को संगठन एवं प्रशासनिक कार्यों का प्रभारी महामंत्री बनाया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को प्राथमिकता देने वाला निर्णय माना जा रहा है। राजीव गुप्ता पिछले लगभग 30 वर्षों से कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और वर्ष 2008 से लगातार दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी में महामंत्री के रूप में कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वे धमधा नगर पंचायत के लगातार 15 वर्षों तक अध्यक्ष भी रह चुके हैं, जहां उनके कार्यकाल में कई विकास कार्य हुए और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ बनी। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अनुशंसा पर ही उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी आदेश में सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पंचायत, बूथ और वार्ड स्तर पर समितियों के गठन को सुनिश्चित करने और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया है।

राजीव गुप्ता को प्रभारी महामंत्री बनाए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन को नई मजबूती देने वाला कदम बताया है। यह माना जा रहा है कि इस संगठनात्मक बदलाव से दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 313