दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत बोरी में अतिक्रमण कर अवैध आवास निर्माण का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 380 की भूमि पर बिना पट्टा और नजरी नक्शा के एक हितग्राही द्वारा मकान का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को इस निर्माण की पूरी जानकारी होने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की नोटिस या रोक लगाने की कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी शासकीय घास भूमि गोठान खसरा नंबर 403 पर अतिक्रमण कर मकान बनाकर रह रहा है। अब उसी व्यक्ति द्वारा खसरा नंबर 380 में भी मकान निर्माण कराया जा रहा है, जबकि उसके पास इन दोनों खसरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, पट्टा या नजरी नक्शा उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि मामले में बोरी पटवारी द्वारा नियमों के अनुसार कार्य किया जा रहा है और बिना वैध दस्तावेज के नजरी नक्शा जारी नहीं किया जा रहा है। वहीं पंचायत पदाधिकारियों पर आरोप लगाया गया है कि वे अतिक्रमण के मामलों की जांच में पटवारी का सहयोग नहीं कर रहे हैं।
इस पूरे मामले की शिकायत 18 फरवरी 2026 को कलेक्टर के जनदर्शन में भी की गई है। अब ग्रामीणों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है, ताकि शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण पर रोक लगाई जा सके।

