Bharatmala Project Scam: छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना में हुई गड़बड़ी मामले में छापेमारी के बाद ED ने प्रेस नोट जारी किया है. इस जांच में जमीन के बड़े टुकड़ों को जानबूझकर परिवार के सदस्यों के बीच छोटे टुकड़ों में बांटने की बात सामने आई है.

Bharatmala Project Scam: छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना में हुए घोटाले की जांच में ED ने बड़ा एक्शन लिया है. ED ने 29 दिसंबर 2025 को रायपुर और महासमुंद जिले में 10 ठिकानों पर रेड मारी थी. इन ठिकानों में जमीन दलाल हरमीत सिंह खनूजा, उनके सहयोगियों, कुछ सरकारी अधिकारियों और भूमि मालिकों से जुड़े परिसर शामिल हैं. इस छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 40 लाख रुपए नकद के साथ डिजिटल डिवाइस, कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए थे. अब इस कार्रवाई की जानकारी को लेकर ED की ओर से प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी गई है. इस जांच में अधिकारियों की मिलीभगत से राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी होने की बात सामने आई है.
छापेमारी में मिले सबूत
ED को छापेमारी के दौरान लगभग 40 लाख रुपये नकद, डिजिटल डिवाइस (मोबाइल, लैपटॉप, हार्ड डिस्क) और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं. जांच में पता चला है कि आरोपियों ने सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से बड़ी जमीनों को जानबूझकर परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के बीच छोटे-छोटे टुकड़ों में बांट दिया. इसके बाद बैकडेटेड एंट्री करके राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई, जिससे मुआवजे की राशि कई गुना बढ़ गई और अवैध भुगतान हुआ.

