नगर पंचायत धमधा में आज उपाध्यक्ष बृजेंद्र दानी के नेतृत्व में नगरवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 128वें एपिसोड को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने मन की बात में प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए संदेशों और देश की प्रगति पर किए गए उल्लेखों को ध्यानपूर्वक सुना।
आज के एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के ऐतिहासिक रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन—357 मिलियन टन—का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उपलब्धि किसान शक्ति और आधुनिक कृषि प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और मजबूत करने का आह्वान किया तथा भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने विज्ञान, अंतरिक्ष, खेल और नवाचार के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने नवंबर माह को “प्रेरणाओं का महीना” बताते हुए कहा कि देश में कई सकारात्मक उपलब्धियाँ सामने आई हैं, जो नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करती हैं।
कार्यक्रम में धमधा भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रह्मभट्ट, पूर्व अध्यक्ष रमन लाल यादव, पार्षद चेतन सोनकर, जिला महामंत्री भाजपा दिलीप गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर ताम्रकार, तथा धमधा भाजपा मंडल के जितेंद्र देवांगन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

