धमधा – छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ धमधा इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनाल डेविड से सौजन्य भेंट की। हाल ही में पूरे धमधा ब्लॉक में धान खरीदी, SIR कार्यवाही एवं विभिन्न राजस्व मामलों के त्वरित निपटान को लेकर अधिकारी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए पत्रकारों ने उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कुछ समय से राजस्व कार्यालयों में कार्यों की गति तेज हुई है, जिससे आमजनों के मामलों का समय पर निपटारा हो रहा है। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति–निवास–आय प्रमाणपत्र, भूमि संबंधी विवाद एवं SIR प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और तत्परता से ब्लॉक के नागरिकों को काफी राहत मिली है। विशेषकर धान खरीदी व्यवस्था में SDM द्वारा सतत् निगरानी और निर्देशों से किसानों की दिक्कतें कम हुई हैं और खरीद केंद्रों में सुचारू प्रणाली देखी जा रही है।
मुलाकात के दौरान SDM सोनाल डेविड ने सभी पत्रकारों का अभिवादन किया और जनहित के मुद्दों को प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका की सराहना करते हुए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया मिलकर यदि पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से कार्य करें तो परिणाम और बेहतर होंगे।
इस अवसर पर पत्रकार संघ द्वारा प्रादेशिक स्तरीय डायरेक्टरी भेंट की गई। बैठक में धमधा ब्लॉक अध्यक्ष निकेत ताम्रकार, जिला सलाहकार विद्याभूषण ताम्रकार, उपाध्यक्ष अमन कुरैशी, सचिव रामकुमार यादव, महामंत्री सुरेंद्र यादव, सुधीर ताम्रकार, सह–सचिव दुलेश्वर साहू, सलाहकार मुकेश ताम्रकार, महेंद्र ताम्रकार, मुकुल यादव, आदर्श शर्मा और आशीष ताम्रकार उपस्थित रहे।
पत्रकार साथियों ने अनुविभागीय अधिकारी सोनाल डेविड की सहज, जनहितैषी कार्यशैली और व्यवहार की प्रशंसा करते हुए उनके नेतृत्व को प्रेरणादायी बताया।

