गणेश प्रतिमा लाने जा रहे युवक की ट्रैक्टर से गिरकर मौत

राजनांदगांव। गणेश प्रतिमा लाने जा रहे एक युवक की ट्रैक्टर से गिरने के बाद गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। हादसा सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरहद-नवागांव मार्ग पर हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम फुलझर निवासी लेकेश्वर राम यादव (30) 14 सितंबर को गांव के करीब 13 लोगों के साथ ट्रैक्टर क्रमांक CG 07 DJ 4087 की ट्रॉली में बैठकर रेवली-सुरगी की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 2:35 बजे पप्पू पोल्ट्री फार्म के सामने ट्रैक्टर की ट्रॉली से वह अचानक सड़क पर गिर गया और पीछे के पहिए की चपेट में आ गया।

हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं। साथियों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, वाहनों की तेज रफ्तार के कारण सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। वाहन चालकों से तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1326