ग्राम अगार में अन्नू खांडे की संदिग्ध मौत, मां, चाचा और बहन ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

धमधा। धमधा ब्लॉक के ग्राम अगार में मुड्पार निवासी अन्नू खांडे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की मां, चाचा और बहन ने उसके पति त्रिलोक खांडे पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पति त्रिलोक खांडे ने अन्नू की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही है।

परिजनों के अनुसार अन्नू खांडे की शादी वर्ष 2019 में त्रिलोक खांडे के साथ हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ और अन्नू के साथ मारपीट भी की गई। विवाद के चलते एक बार एसडीएम कोर्ट में इकरारनामा भी कराया गया था।

परिजनों का कहना है कि अन्नू करीब चार दिन पहले ही तीज पर्व के बाद ससुराल लौटी थी। इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां, चाचा और बहन ने उसके शरीर पर गले पर दबाव के निशान और मारपीट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, पति त्रिलोक खांडे ने आरोपों से अलग अन्नू की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही है। ऐसे में मौत के कारण को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद धमधा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल धमधा पुलिस मामले में तफ्तीश जारी रखे हुए है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325