राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026: 7,683 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी, 14 सितंबर को आएगा परिणाम

जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए बुधवार, 9 सितंबर को मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

पहले चरण में 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं के लिए वोट डाले जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

5,393 पार्षद पदों पर 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार

पहले चरण में नगर निकायों के कुल 5,393 पार्षद पदों के लिए चुनावी मुकाबला है। इन सीटों पर 20 हजार से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं।

आज चार नगर निगमों में भी मतदान हो रहा है। इनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम शामिल हैं। वहीं जयपुर जिले की 19 नगरीय निकायों में से 18 में भी आज वोटिंग कराई जा रही है। इन क्षेत्रों के लिए 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

जयपुर की 18 नगरीय निकायों में मतदान

जयपुर जिले में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के अलावा 16 नगर पालिकाओं के लिए भी मतदान हो रहा है। इनमें दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा शामिल हैं।

प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

इन जिलों में भी डाले जा रहे वोट

पहले चरण में जयपुर के अलावा अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर, भीलवाड़ा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के नगरीय निकायों में भी मतदान कराया जा रहा है।

बाड़मेर में अलग-अलग चरणों में मतदान

बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए 9 सितंबर को पहले चरण में मतदान हो रहा है। वहीं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए 11 सितंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।

दोनों चरणों की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मतदान वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश

पहले चरण के मतदान को देखते हुए 9 सितंबर को संबंधित मतदान क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रखा गया है। यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के प्रावधानों के तहत भी लागू रहेगा।

वहीं, 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदान के चलते संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यदि किसी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो संबंधित क्षेत्र में दोबारा मतदान के दिन भी अवकाश लागू किया जाएगा।

दो चरणों में होंगे 309 नगरीय निकायों के चुनाव

राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण के लिए 9 सितंबर और दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर को मतदान निर्धारित है। पूरी चुनाव प्रक्रिया के बाद 14 सितंबर को मतगणना और परिणाम जारी किए जाएंगे।

इन चुनावों के जरिए राजस्थान के शहरी क्षेत्रों के मतदाता अपने स्थानीय निकायों के लिए नए पार्षद और प्रतिनिधि चुनेंगे। સ્થાનિક स्तर के इन चुनावों को आने वाले समय के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 931