रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर अब प्रशासनिक राजधानी के साथ-साथ तेजी से हॉस्पिटैलिटी और बिजनेस डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में अपने प्रतिष्ठित Ginger Hotel की स्थापना की घोषणा की है।
प्रस्तावित होटल में 111 कमरे होंगे और इसे ब्राउनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है। होटल में आधुनिक कमरे, Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में IHCL का Ginger Hotel आना छत्तीसगढ़ के प्रति बढ़ते निवेशकों के विश्वास और नवा रायपुर की राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार नवा रायपुर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। नवा रायपुर अब केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि Ginger Hotel के आने से नवा रायपुर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय संस्थानों और निवेश परियोजनाओं के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास एवं आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है।
प्रस्तावित Ginger Nava Raipur को व्यावसायिक यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन और अवकाश के लिए आने वाले यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। होटल परियोजना को नवा रायपुर की बढ़ती व्यावसायिक और पर्यटन संभावनाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

