महंगाई का बड़ा झटका! CNG के दाम 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़े, आज से नई दर लागू

नई दिल्ली दिल्ली में CNG इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। कंपनी की नई दरें शनिवार, 29 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG अब 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

IGL ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे पश्चिम एशिया में जारी संकट और अंतरराष्ट्रीय LNG कीमतों में भारी उछाल को मुख्य वजह बताया है। कंपनी के मुताबिक, जुलाई के बाद से अंतरराष्ट्रीय LNG की कीमतों में तेजी आई है। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गैस शिपमेंट को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

इंपोर्टेड LNG महंगी होने से बढ़ी लागत

IGL के अनुसार, CNG सेगमेंट को सप्लाई की जाने वाली गैस का बड़ा हिस्सा इंपोर्टेड स्पॉट LNG से आता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमत बढ़ने के साथ घरेलू CNG की खपत में भी लगातार वृद्धि हुई है। इससे कंपनी की इनपुट कॉस्ट पर दबाव बढ़ा है।

कंपनी ने इसी वजह से CNG की कीमत में ‘कैलिब्रेटेड’ यानी सोच-समझकर मूल्य संशोधन किया है। IGL का कहना है कि बढ़ी हुई गैस लागत का एक हिस्सा कंपनी खुद वहन कर रही है, जबकि संशोधन का उद्देश्य ग्राहकों को निर्बाध और भरोसेमंद गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

TTF और JKM LNG की कीमतों में दोगुने से ज्यादा उछाल

IGL ने अंतरराष्ट्रीय गैस बाजार की कीमतों का हवाला देते हुए बताया कि यूरोपियन TTF गैस की कीमत फरवरी के अंत में करीब 11.36 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो 27 अगस्त तक बढ़कर 23.35 डॉलर प्रति MMBTU हो गई। यानी इसमें करीब 105 फीसदी की वृद्धि हुई।

वहीं, एशियन JKM LNG की कीमत भी करीब 10.99 डॉलर से बढ़कर 23.41 डॉलर प्रति MMBTU हो गई। इसमें लगभग 113 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है।

ऑटो और टैक्सी चालकों पर बढ़ेगा खर्च

CNG की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर में ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों के ईंधन खर्च पर पड़ने की संभावना है। हालांकि, IGL का कहना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद दिल्ली में CNG अभी भी अन्य प्रमुख ईंधनों की तुलना में किफायती विकल्प बनी हुई है।

IGL दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी का नेटवर्क हजारों किलोमीटर लंबी पाइपलाइनों और 1,000 से अधिक CNG स्टेशनों के जरिए लाखों वाहनों और घरों तक गैस की आपूर्ति करता है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892