रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” में आज राज्यपाल रमेन डेका एवं राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने “जागरूकता की सेल्फी” लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
राज्यपाल माननीय रमेन डेका ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
सात सप्ताह तक चलेगा अभियान
छत्तीसगढ़ पुलिस का यह विशेष अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के माध्यम से आमजन को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।

