दुर्ग। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में ‘फॉर्च्यून’ ब्रांड के मैदे को लेकर बड़ा कदम उठाया है। भोपाल स्थित प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में मैदे में तय सीमा से अधिक कीटनाशक पाए जाने की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित मैदे को असुरक्षित घोषित किया गया है।
मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने पूरे जिले में संबंधित मैदे की बिक्री, भंडारण और वितरण पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन की ओर से विशेष रूप से 500 ग्राम पैक वाले उस बैच को प्रतिबंधित किया गया है, जिसकी निर्माण तिथि 28 फरवरी 2026 दर्ज है।
दुकानदारों को स्टॉक रिकॉल करने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले के दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि प्रतिबंधित बैच का जो भी स्टॉक उनके पास मौजूद है, उसे तत्काल बिक्री से हटाकर रिकॉल किया जाए। साथ ही संबंधित उत्पाद की बिक्री या वितरण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को आदेश का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है। प्रतिबंधित मैदे की बिक्री, भंडारण या वितरण करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर निगरानी और सख्त किए जाने की संभावना है।

