अहिवारा के आत्मानंद स्कूल में अव्यवस्थाओं का बोलबाला, छात्रों का फूटा गुस्सा

  • शिक्षा मंत्री के गृहग्राम जिले का स्कूल बदहाल, प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अहिवारा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अहिवारा में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर पेयजल, बिजली, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई।

गौरतलब है कि अहिवारा क्षेत्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का गृह क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में यहां के आत्मानंद स्कूल में सामने आई समस्याओं ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिक्षा मंत्री के गृहग्राम के विद्यालय की यह स्थिति है, तो प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी में भी छात्रों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। वहीं विद्यालय के शौचालय जर्जर स्थिति में हैं और कई स्थानों पर बिजली के खुले तार व बोर्ड दुर्घटना का खतरा पैदा कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने शिक्षा विभाग से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

वहीं कुछ छात्रों ने प्राचार्य एवं एक शिक्षिका के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अभिभावकों ने भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

छात्रों की मांग है कि स्कूल में पेयजल, बिजली, शौचालय एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि पढ़ाई का बेहतर माहौल बन सके। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाता है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 757