बस्तर तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप

सुकमा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शांति का संदेश देने के लिए ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 13 अगस्त को सुकमा जिले से निकलने वाली इस बाइक तिरंगा यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप भी शामिल होंगे।

नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचेगा तिरंगे का संदेश

मोटरसाइकिलों के जरिए निकाली जाने वाली यह यात्रा बस्तर के उन दूरस्थ गांवों और इलाकों से होकर गुजरेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। अब इन क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास की नई तस्वीर उभर रही है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और नागरिकों के बलिदान को नमन किया जाएगा।

चिंगावरम से बीजापुर तक जाएगी यात्रा

13 अगस्त को यात्रा चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बुर्कापाल, मिनपा-टाड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम होते हुए आवापल्ली और फिर बीजापुर पहुंचेगी। बीजापुर में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

इस दौरान दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश दिया जाएगा।

महिला बाइकर्स भी लेंगी हिस्सा

‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ में महिला बाइकर्स की भी विशेष भागीदारी रहेगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बाइक राइडर यात्रा में शामिल होंगे। महिलाएं हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का हिस्सा बनेंगी।

इसके अलावा स्थानीय युवा, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड और जनप्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल होंगे।

‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान से जुड़ा पौधरोपण

यात्रा के दौरान शहीद स्थलों पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। योजना के अनुसार प्रत्येक शहीद स्थल पर शहीद हुए लोगों की संख्या के अनुरूप पौधे लगाए जाएंगे।

इसके साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं से संवाद कार्यक्रम भी होंगे। यात्रा के दौरान नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

बस्तर की बदलती तस्वीर दिखाने की कोशिश

यात्रा का उद्देश्य बस्तर की बदलती तस्वीर को देश और दुनिया के सामने लाना भी है। आयोजकों के मुताबिक, कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब विश्वास, शांति और विकास की भावना मजबूत हो रही है।

‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ के जरिए तिरंगे और संविधान के प्रति सम्मान के साथ शांति, विकास और राष्ट्र निर्माण का संदेश दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 761