सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन से जुड़े एक कोच में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय ट्रेन में यात्री सवार थे, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुबह 3 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन आग की चपेट में आया कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
अधिकारियों के अनुसार, आग किस वजह से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी टीम को भी जांच में लगाया गया है।
फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया नियंत्रण
असिस्टेंट फायर ऑफिसर निरंजन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सहरसा फायर स्टेशन से एक फोम टेंडर और एक वॉटर टेंडर मौके पर भेजा गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
दो घंटे तक स्टेशन पर फंसे रहे यात्री
ट्रेन में सवार एक यात्री ने बताया कि सुबह करीब 3:40 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग लगी। हादसे के बाद यात्रियों को ट्रेन से उतार दिया गया और सभी करीब दो घंटे तक स्टेशन पर फंसे रहे, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल रेलवे प्रशासन घटना की जांच कर रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

