रायपुर/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की बेटी डॉली यादव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। हरियाणा में आयोजित कॉमनवेल्थ पावरलिफ्टिंग एवं बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में डॉली यादव ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
डॉली यादव ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने 88 किलोग्राम स्क्वाट, 111 किलोग्राम डेडलिफ्ट और 113 किलोग्राम का सफल प्रयास कर रजत पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रमाण है।
डॉली यादव की इस सफलता पर पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉली आने वाले समय में भी देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेंगी।
खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों ने भी डॉली यादव की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। राजनांदगांव की बेटी की यह सफलता छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

