रायपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मोबाइल पर बजी इमरजेंसी घंटी, लोग चौंके

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग समेत प्रदेश के 16 जिलों में अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक इमरजेंसी अलर्ट और तेज सायरन बजने से कई लोग घबरा गए।

मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा भेजे गए इस वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट का उद्देश्य लोगों को समय रहते सतर्क करना था। अलर्ट में भारी बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं, निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर स्कूल परिसरों और सड़कों पर भी पानी भर गया है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 782