दुर्ग। शिक्षक भर्ती साझा मंच, प्रांतीय समिति छत्तीसगढ़ के बैनर तले मंगलवार को शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर गांधी चौक दुर्ग में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
साझा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में 57 हजार शिक्षक भर्ती का वादा किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में 33 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की घोषणा भी की गई थी, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ नहीं होने से हजारों अभ्यर्थी निराश हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में केवल 2292 सहायक शिक्षक पदों के लिए ही अधिसूचना जारी की गई है, जबकि व्याख्याता, शिक्षक, ग्रंथपाल, व्यायाम शिक्षक, प्रयोगशाला शिक्षक सहित अन्य विषयों के रिक्त पदों पर भर्ती की कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई है।

साझा मंच ने सरकार से मांग की कि सभी विषयों एवं संवर्गों के रिक्त पदों पर पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही शिक्षक भर्ती का विस्तृत कैलेंडर जारी करने, आयु सीमा में छूट देने, शैक्षणिक योग्यता में 5 प्रतिशत की छूट तथा भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के भविष्य को देखते हुए सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी से हजारों प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन में गीता सारथी, ललित साहू, कामेश्वर यादव, अरविंद आर्य, हेमंत सर्वा सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और साझा मंच के सदस्य उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग दोहराई गई।

