लगातार बारिश से बढ़ी मुश्किलें, त्रिवेणी संगम में जलस्तर बढ़ने से अलर्ट

गरियाबंद छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। गरियाबंद जिले में पैरी नदी के उफान पर आने से नेशनल हाईवे-130C पिछले 24 घंटे से बंद पड़ा है। सड़क पर भारी जलभराव होने के कारण रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे यात्री बसों समेत सैकड़ों वाहन रास्ते में फंस गए हैं।

हाईवे पर आवागमन ठप, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

लगातार बारिश के चलते पंटोरा के पास पैरी नदी का पानी नेशनल हाईवे-130C पर फैल गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जलस्तर कम होने तक इस रास्ते का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लें। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

त्रिवेणी संगम में बढ़ा जलस्तर, पानी से घिरा कुलेश्वरनाथ मंदिर

बारिश के कारण गरियाबंद का प्रसिद्ध त्रिवेणी संगम भी लबालब हो गया है। पैरी, सोंढूर और महानदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से संगम के बीच स्थित भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव का प्राचीन मंदिर चारों ओर से पानी से घिर गया है।

श्रावण मास के पहले दिन नदियों के जल से भगवान शिव का प्राकृतिक जलाभिषेक श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर और आसपास का क्षेत्र अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य से सराबोर नजर आ रहा है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 804