बस्तर के लिए ऐतिहासिक पल, 186 प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति भवन में मिलेगा सम्मान

रायपुर कभी नक्सल हिंसा और अशांति के लिए चर्चित रहा बस्तर अब अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्रतिभा और लोकतांत्रिक भागीदारी के कारण राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है। इसी बदलाव की मिसाल 30 जुलाई को देखने को मिलेगी, जब बस्तर का 186 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा और उनके साथ आयोजित विशेष भोज में शामिल होगा।

इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा के भी शामिल होने की संभावना है। सरकार इसे बस्तर में शांति, विकास और विश्वास के अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देख रही है।

प्रतिनिधिमंडल में बस्तर पंडुम-2026 के 97 विजेता प्रतिभागी, 50 परगना मांझी, 15 चालकी, 2 पद्मश्री सम्मानित हस्तियां तथा 22 जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं सहयोगी दल शामिल होंगे। यह दल 28 जुलाई को रायपुर से दिल्ली रवाना होगा, 30 जुलाई को राष्ट्रपति भवन के कार्यक्रम में भाग लेगा और 1 अगस्त को दिल्ली से लौटकर 2 अगस्त को रायपुर पहुंचेगा।

सरकार का मानना है कि यह पहल बस्तर की बदलती तस्वीर को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी। लंबे समय तक हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्र के युवाओं, पारंपरिक आदिवासी नेतृत्व और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान में सम्मान मिलना इस बात का प्रतीक है कि अब बस्तर की पहचान संघर्ष नहीं, बल्कि संस्कृति, खेल, प्रतिभा और नेतृत्व से होगी।

बस्तर पंडुम-2026 के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन 12 पारंपरिक विधाओं से किया गया है। इनमें जनजातीय नृत्य, जनजातीय गीत, जनजातीय नाट्य प्रदर्शन, जनजातीय वाद्ययंत्र, जनजातीय वेशभूषा, जनजातीय आभूषण, जनजातीय शिल्प, जनजातीय चित्रकला, जनजातीय पेय पदार्थ, जनजातीय व्यंजन, आंचलिक साहित्य तथा बस्तर की वन औषधियों का प्रदर्शन शामिल है।

इन सभी विधाओं के विजेता राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और उनके साथ विशेष भोज में शामिल होंगे। सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि बस्तर के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक परिवर्तन का राष्ट्रीय संदेश भी है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 409