धमधा के BEO अथर्व शर्मा का एक्शन मोड: शासकीय स्कूलों का सघन निरीक्षण, लापरवाहों पर नोटिस, पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में चल रहा निरीक्षण अभियान

धमधा। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अथर्व शर्मा लगातार धमधा विकासखंड के शासकीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता एवं विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाना है।

दिनांक 3 जुलाई 2026 को BEO अथर्व शर्मा एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू की संयुक्त टीम ने घोटवानी, डीहपारा, भाठाकोकड़ी, हीरेतरा, खैरझिटी एवं धूमा के शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पूर्व माध्यमिक शाला घोटवानी में BEO अथर्व शर्मा ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी। विद्यालय में विद्यार्थियों का अधिगम स्तर संतोषजनक पाया गया तथा स्कूल की प्रिंट-रिच वॉल की उन्होंने विशेष सराहना की।

निरीक्षण में घोटवानी स्कूल के 6 रसोइयों में से 3 रसोइए अनुपस्थित मिले, जिन पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

वहीं पूर्व माध्यमिक शाला अकोली एवं आगार के अनुपस्थित शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

हायर सेकेंडरी स्कूल घोटवानी में कक्षा 12वीं के अंग्रेजी विषय के अध्यापन का निरीक्षण किया गया, जहां विद्यार्थियों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया।

इस पर BEO अथर्व शर्मा ने प्राचार्य एवं संबंधित व्याख्याता को—

  • अध्यापन गुणवत्ता में सुधार,
  • कक्षा 9वीं से 12वीं तक नियमित प्रायोगिक (प्रैक्टिस) कक्षाएं प्रारंभ करने,
  • तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्व माध्यमिक शाला हीरेतरा में कक्षाओं की प्रकाश व्यवस्था खराब मिलने पर प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही एक सप्ताह के भीतर सभी कमरों में ट्यूबलाइट लगाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी के विद्यार्थियों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय पाया गया।

विद्यालय के कक्षा दूसरी से पांचवीं तक के अधिकांश विद्यार्थी हिंदी का शुद्ध पठन करने में सक्षम पाए गए तथा उन्हें 15 तक के पहाड़े भी याद थे। इस उपलब्धि पर BEO अथर्व शर्मा ने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना की।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी अथर्व शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक द्वारा विकासखंड के सभी शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नियमित एवं सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 387