सुशासन तिहार के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों का चयन कराने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में पवन सिंह, शिक्षक माध्यमिक शाला पोटिया एवं आदिल हसन, शिक्षक माध्यमिक शाला छोटे पुरदा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन दोनों शिक्षकों ने अब तक 500 से अधिक विद्यार्थियों का NMMSE परीक्षा में चयन कराकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इसी प्रकार यशवंत पटेल, प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला डोड़की एवं दिनेश वर्मा, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला सेमरिया को भी सम्मानित किया गया। इन दोनों शिक्षकों ने लगभग 300 विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में चयन कराया है।
इसके अलावा नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कराने वाले खिलेश्वर साहू, सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला डोड़की, पोषण देशमुख, प्रधान पाठक शाला पुरदा करेली तथा हेमंत कुमार साहू, प्रधान पाठक पुरदा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को भी सराहा गया। धमधा विकासखंड में कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली शिवानी वर्मा (95%) एवं 9वां स्थान प्राप्त करने वाली श्रद्धा बंजारे (91%) का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। वहीं कक्षा 10वीं में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र टिकेश्वर पटेल को भी सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों को अतिथि एवं साजा विधायक ईश्वर साहू द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए पूरे शिक्षा विभाग ब्लॉक के अधिकारी अथर्व शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन से क्षेत्र के विद्यार्थी लगातार सफलता प्राप्त कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणा का कार्य करते हैं तथा विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करते हैं।

