धमधा ब्लॉक में बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग, कृषि भूमि को टुकड़ों में बेचने का खेल तेज

धमधा विकासखंड केअधिकांश गांवों में इन दिनों अवैध प्लॉटिंग का कारोबार तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। छोटे-छोटे गांवों से लेकर नगर के आसपास तक यह गतिविधि फैल चुकी है, जो पूरी तरह गैरकानूनी मानी जाती है।
जानकारी के अनुसार, अवैध प्लॉटिंग के तहत कृषि भूमि को समतल किया जाता है, उस पर मुरम डालकर नक्शा तैयार किया जाता है और फिर बिना किसी वैधानिक अनुमति के जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में बेच दिया जाता है। इस प्रक्रिया में न तो शासकीय नियमों का पालन किया जाता है और न ही बुनियादी सुविधाओं की कोई व्यवस्था की जाती है।
हाल ही में धमधा ब्लॉक के ठेंगाभाठ से दारगांव मार्ग पर, ठेंगाभाठ गांव के पास एक बड़े स्तर पर अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां कृषि भूमि को विकसित कर प्लॉट काटे जा रहे हैं और लोगों को बेचे जा रहे हैं, जिससे भविष्य में कई कानूनी और बुनियादी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अवैध प्लॉटिंग से जहां कृषि भूमि का लगातार क्षरण हो रहा है, वहीं खरीदारों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि ऐसे प्लॉट पर न तो वैध रजिस्ट्री की गारंटी होती है और न ही सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित होती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध प्लॉटिंग पर रोक लग सके और कृषि भूमि को बचाया जा सके।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311