धमधा अंधेरे में: 10 साल बाद भी नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था, जनता परेशान

धमधा। आधुनिक दौर में जहां 24 घंटे बिजली और स्मार्ट सुविधाओं के दावे किए जा रहे हैं, वहीं धमधा नगर आज भी जर्जर बिजली व्यवस्था से जूझ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि किसी एक इलाके का ट्रांसफार्मर जलते ही पूरे शहर की बिजली गुल कर दी जाती है, जिससे आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग हर बार “लोड ज्यादा है” कहकर अपनी जिम्मेदारी से बचता नजर आता है। सवाल यह उठ रहा है कि जब वर्षों से लोड बढ़ रहा है, तो अब तक व्यवस्था को मजबूत क्यों नहीं किया गया। पिछले 10 सालों में समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे नागरिक खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

बार-बार बिजली कटौती का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों का काम ठप हो रहा है, बिजली पर निर्भर उद्योगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है, खासकर परीक्षा के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है। घरेलू उपभोक्ता भी लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली आने-जाने से परेशान हैं, जिससे उनके महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं।

भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बिना पंखे और कूलर के रहना मुश्किल हो गया है, जिससे बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

जनता अब स्थायी समाधान की मांग कर रही है। लोगों का कहना है कि अलग-अलग क्षेत्रों के लिए स्वतंत्र सप्लाई सिस्टम विकसित किया जाए, नए और उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएं और बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाए, ताकि एक जगह की खराबी से पूरा शहर प्रभावित न हो।

अब देखना यह है कि प्रशासन और बिजली विभाग कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाते हैं या फिर धमधा की जनता को यूं ही अंधेरे में रहना पड़ेगा।
राहुल गोपलानी (जूनियर इंजीनियर ) :- लोड बढ़ जाने के कारण मेंटेनेंस का कार्य चालू है 7 -15 दिनों में समाधान हो जाएगा और धमधा में नया फीडर भी सेंक्शन हुआ है 15 दिन में वो भी शुरू हो जाएगा
.
राजीव गुप्ता (जिला महामंत्री कांग्रेस कमेटी दुर्ग ) :- जिस तरीके की अव्यवस्था धमधा नगर में बिजली की हो रही है इसे जल्दी सुधार लाना चाहिए नहीं तो कांग्रेस द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
.
रोहित राजपुत( जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा दुर्ग ) :- भयावह गर्मी है बिना हवा के लोग परेशान हो जा रहे है तत्काल प्रभाव से इसमें सुधार करके इसे व्यवस्थित करने की आवश्यकता है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 313