रिपोर्ट: निकेत ताम्रकार, एडिटर इन चीफ, दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूर्व में अपराध प्रभावित स्थलों, अड्डेबाजी क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों की मैपिंग कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
फ्लैग मार्च में दुर्ग जिला के कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-06 भिलाई से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल एवं वाहन मार्च किया गया। इस दौरान आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करने का प्रयास किया गया।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 900 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्वरित कार्रवाई के लिए “बाज़” विशेष क्विक रिस्पांस टीम का गठन कर रणनीतिक स्थानों पर तैनाती की गई है। साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे शहर में निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीम भी सक्रिय की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति एवं भाईचारा बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना में दें।

