लालच में ले गए दुर्ग, गहने लूटे और फरार एक महिला गायब, इलाके में सनसनी

धमधा (दुर्ग)। क्षेत्र में ठगी और लूट का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें दो महिलाओं को इनाम का लालच देकर उनके गहने ठग लिए गए। घटना के बाद एक महिला लापता बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती चन्द्रकला साहू (56 वर्ष), पति शत्रुघ्न साहू तथा श्रीमती जमुना निर्मलकर (65 वर्ष), पति स्व. भारत निर्मलकर को एक महिला द्वारा इनाम लगने का प्रलोभन दिया गया। आरोपियों ने दोनों महिलाओं को अपने साथ दुर्ग ले जाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया और उनके पूरे गहने उतरवा लिए।

घटना के बाद आरोपियों ने दोनों महिलाओं को अलग-अलग स्थानों पर छोड़ दिया। श्रीमती जमुना निर्मलकर को कोर्ट के बाहर छोड़ दिया गया, जो अपनी सूझबूझ से सुरक्षित अपनी बेटी के घर पहुंच गईं। वहीं श्रीमती चन्द्रकला साहू अभी भी लापता हैं।

मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष से मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी लेकर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

बाहरी लोगों की गतिविधियों पर उठे सवाल
ग्राम पंचायत बिरझापुर के सरपंच रामेश्वर साहू ने बताया कि इन दिनों गांव-गांव में बाहरी लोगों का आना-जाना काफी बढ़ गया है, जिसके चलते इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आए कई लोग बिना पहचान पत्र के रहकर फेरी, सेलिंग, एजेंसी व अन्य कार्यों के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सड़कों पर रोजाना ऐसे लोगों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं, लेकिन प्रशासन के पास इनका कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाहरी लोगों का सत्यापन किया जाए और इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311