हजारों किसानों की सहभागिता, सैकड़ों हुए लाभान्वित
धमधा। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के मुरमुन्दा गांव में शुक्रवार को जिला स्तरीय किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में हजारों किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सैकड़ों किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अहिवारा विधानसभा के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा रहे। विशेष अतिथि के रूप में तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त जितेंद्र साहू, जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नटवर ताम्रकार, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमधा किरण कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के उत्थान और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की प्रगति का आधार है। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान आत्मनिर्भर बने और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाए।
इस अवसर पर किसानों को खेती के लिए लोन की राशि वितरण की गई और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों एवं कृषक समूहों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में किसानों को दलहन और तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। ग्रीष्म कालीन धान फसल के बजाय मक्का फसल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।कृषि विशेषज्ञों ने इन फसलों की बेहतर उत्पादन तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले बीजों और विपणन के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मेले में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता एवं ग्रामीण उद्योग विभागों के जानकारी पूर्ण स्टॉल लगाए गए, जहाँ किसानों को सरकारी योजनाओं की सब्सिडी, आधुनिक यंत्रों, ट्रैक्टरों और कृषि उपकरणों की जानकारी दी गई।
इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना,कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यांत्रिकीकरण योजना और किसान क्रेडिट कार्ड योजना जैसी केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र किसानों को लाभ भी वितरित किया गया। वही कार्यक्रम के लिए वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी धमधा विजय लहरें, एसडीओ कृषि सौरभ वर्मा द्वारा किसानों का आभार प्रकट किया।
मुरमुन्दा ग्राम के सरपंच श्रीमती पुष्पा परमानन्द साहू ने कहा कि “यह आयोजन प्रदेश के नेतृत्व के सुशासन का परिणाम है, जिसके कारण आज किसानों के चेहरों पर खुशी झलक रही है।”

