नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर बेमेतरा पुलिस मुस्तैद, शहर से गांव तक हो रही पैदल पेट्रोलिंग

बेमेतरा, 14 अक्टूबर 2026। नवरात्रि, आगामी दशहरा और अन्य पर्वों को देखते हुए बेमेतरा पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस) के निर्देशन में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस बाजारों, चौक-चौराहों और दुर्गा पंडालों के आसपास निगरानी रख रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल सक्रिय है। प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और दुर्गा पंडालों के आसपास लगातार गश्त की जा रही है।

संदिग्धों पर पुलिस की नजर

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था

नवरात्रि के अवसर पर बेमेतरा शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों और दुर्गा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। पंडालों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया है। प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि यातायात सुचारू रहे और किसी तरह की दुर्घटना या असुविधा से बचा जा सके।

शांति और सद्भाव से पर्व मनाने की अपील

बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से नवरात्रि व दशहरा पर्व आपसी सौहार्द, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325