विकासखंड धमधा, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) में दिनांक 12.10.2026 एवं 13.10.2026 को जनपद पंचायत धमधा के सभागार भवन में सहकारी समिति एवं निजी संस्था के उर्वरक विक्रय केंद्रों के संचालकों, किसान संगवारियों तथा कृषि विभाग के मैदानी अमले को “Framework for Fertilizer Sale (उर्वरक विक्रय की नवीन डिजिटल प्रणाली)” के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री विजय प्रसाद लहरे के मार्गदर्शन में मास्टर ट्रेनर श्री युगांत बघेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कन्हारपुरी तथा श्रीमती सरिता साहू, कृषि विकास अधिकारी, क्षेत्र कुम्हारी द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को नवीन डिजिटल उर्वरक विक्रय प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान नवीन डिजिटल प्रणाली के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उर्वरक विक्रय प्रक्रिया, किसानों की पहचान एवं सत्यापन, उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था तथा उर्वरक विक्रय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई। साथ ही, सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं तथा कृषि विभाग के मैदानी अमले को डिजिटल प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों को इसके प्रति जागरूक करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य उर्वरक विक्रय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाना तथा किसानों को नवीन डिजिटल प्रणाली की प्रक्रिया एवं लाभों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का किसानों तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप उर्वरकों का सुचारू एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।


