40 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे किसानों के बीच पहुंचे सांसद विजय बघेल, OTS पर चर्चा का दिया आश्वासन

धमधा। किसानों की ऋणमाफी एवं बैंक ऋण से जुड़ी मांगों को लेकर पिछले 40 दिनों से जारी क्रमिक भूख हड़ताल के बीच दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत किसानों से मुलाकात कर उनकी मांगों और स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान किसानों ने बैंक ऋण प्रकरण में कथित अनियमितताओं सहित अपनी विभिन्न समस्याओं से सांसद को अवगत कराया।

किसानों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद विजय बघेल ने आश्वासन दिया कि यदि बैंक की कार्यप्रणाली में अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो बैंक प्रबंधन से वन टाइम सेटलमेंट (OTS) के विकल्प पर चर्चा की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास करने की बात कही। साथ ही उन्होंने किसानों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।

बाबा टेक सिंह चंदेल ने जताया सांसद का आभार

किसान बंधु संगठन धमधा के संयोजक एवं किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने सांसद विजय बघेल के धरना स्थल पहुंचने की सराहना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की सुध लेने के लिए अब तक कोई जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर नहीं पहुंचा था। ऐसे में क्षेत्रीय सांसद का किसानों के बीच आकर उनकी आवाज सुनना और समस्याओं के निराकरण की मंशा से पहल करना किसानों के लिए सौभाग्य की बात है।

चंदेल ने सांसद को बैंक ऋण प्रकरण में कथित अनियमितताओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किसान किन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर पिछले 40 दिनों से आंदोलन क्यों कर रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद द्वारा प्रशासन और बैंक प्रबंधन से चर्चा करने के आश्वासन के बाद किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी। अब किसानों की नजर इस बात पर है कि ऋणमाफी, OTS और अन्य मांगों को लेकर बातचीत के बाद क्या निर्णय सामने आता है।इस मौके पर भाजपा जिला युवा मोर्चा प्रचार मंत्री वीर ताम्रकार, सांसद प्रतिनिधि नरेशचंद्र साहू,दीपक चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325