फरसगांव। नेशनल हाईवे-30 पर चिचाड़ी पुल के पास कार और एंबुलेंस की भिड़ंत के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें 112 की मदद से फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का फिलहाल उपचार जारी है।
चिचाड़ी पुल के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, फरसगांव क्षेत्र में चिचाड़ी पुल के नजदीक कार और एंबुलेंस के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस सड़क पर पलट गई, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौके पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई।
तीन घायलों में एक को कमर में गंभीर चोट
हादसे में एंबुलेंस में सवार तीन लोग चोटिल हुए हैं। इनमें दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति के कमर के पास गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर 112 की सहायता से सभी घायलों को तत्काल फरसगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एंबुलेंस हटाने में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद सड़क पर पलटी एंबुलेंस के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस को सड़क से हटवाने में जुटी है, ताकि हाईवे पर आवागमन सामान्य किया जा सके। हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।


