धमधा: ॐ साईं संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय, धमधा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में पूज्य बापू एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता के प्रिय भजनों “वैष्णव जन तो तेणे कहिये” एवं “रघुपति राघव राजा राम” की सुमधुर संगीतमय प्रस्तुति दी।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के ऐतिहासिक नारे “जय जवान, जय किसान” का स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने परिसर में ‘स्वच्छता अभियान’ चलाकर सफाई की और जन-सामान्य को स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण और कविता पाठ का आयोजन भी किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस गरिमामय आयोजन में कल्याण सिंह चौहान, पवन देवांगन, नीतू साहू, लूमेश्वर निर्मल, खेमचंद साहू, पुकेश्वरी वर्मा, दुर्गा, दुलेश्वर प्रसाद साहू, मनीषा सहित विद्यालय का समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक अमला, राष्ट्र सेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


