नंदिनी लाइमस्टोन माइंस में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन

नंदिनी अहिवारा : सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के नंदिनी लाइमस्टोन माइंस में भारतीय खान ब्यूरो (IBM) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन व्यापक जनभागीदारी एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व मुख्य महाप्रबंधक (फ्लक्स)  चिंताला कांत द्वारा किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत खदान एवं कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान, आसपास के ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थलों में स्वच्छता जागरूकता, स्वच्छता शपथ, श्रमदान, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही विद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए पोस्टर, निबंध एवं ‘वेस्ट टू वेल्थ’ जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पुन: उपयोग एवं पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। IBM के अभियान में स्वच्छता, जनभागीदारी, हरित गतिविधियों एवं सतत स्वच्छता व्यवहार को विशेष महत्व दिया गया है।

इस अभियान का उद्देश्य केवल परिसर की स्वच्छता तक सीमित न रखते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामुदायिक चेतना विकसित करना तथा स्वच्छ एवं हरित कार्यस्थल की संस्कृति को सुदृढ़ करना है।

अभियान के सफल संचालन में  सुधाकर जामुलकर, महाप्रबंधक;  ओमेन टेटे, उप महाप्रबंधक;  संतोष खांडे, खान प्रबंधक;  अजय चतुर्वेदी, उप महाप्रबंधक; तथा  अलंकार भीवगड़े, सहायक महाप्रबंधक सहित नंदिनी लाइमस्टोन माइंस की पूरी टीम सक्रिय सहभागिता एवं समन्वय प्रदान कर रही है। अभियान के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आसपास के समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए ‘स्वच्छ नंदिनी, हरित नंदिनी’ की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325