ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा, 8.48 करोड़ से बनेंगी 30.70 किमी सड़कें

रायपुर। सूरजपुर जिले में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को बजट स्वीकृति मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से स्वीकृत इन दोनों कार्यों के तहत कुल 30.70 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए करीब 8 करोड़ 48 लाख 28 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।

बजट के अनुसार, खर्रा से चिकनी भंडारपारा तक 17.50 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 5 करोड़ 8 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कुंजनगर से जमदेई पटेलपारा तक 13.20 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 39 लाख 30 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है।

गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेहतर सड़कें गांवों के विकास की आधारशिला होती हैं। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे सूरजपुर जिले में सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों और किसानों को मिलेगा लाभ

दोनों सड़क निर्माण कार्य पूरे होने के बाद संबंधित गांवों का प्रमुख मार्गों से संपर्क बेहतर होगा। इससे ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों के आवागमन में सुविधा होगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय स्तर पर विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325