दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने एक गोदाम में छापेमारी की। स्टेशन चौक इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद अन्य सामग्री और दस्तावेजों की भी जांच की।
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम को कुम्हारी क्षेत्र में गुटखा निर्माण से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम तीन वाहनों से मौके पर पहुंची और गोदाम की जांच शुरू की। टीम ने अंदर रखी मशीनों, तैयार माल और दस्तावेजों की पड़ताल की।
जांच के दौरान गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा बरामद किया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। हालांकि, जब्त माल की वास्तविक कीमत और उससे जुड़े टैक्स संबंधी जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
टैक्स नियमों की भी जांच
जीएसटी अधिकारियों की ओर से यह भी जांच की जा रही है कि गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। टीम ने गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री को भी जांच के दायरे में लिया है।
बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में कार्रवाई हुई, वह सुरेश गुप्ता का है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
जब्त सामान रायपुर ले गई टीम
कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम जब्त मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की विस्तृत रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट होने की संभावना है।


