कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला की बेटी गीता यादव ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मैदान पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। गीता भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं, जिसने चीन को उसके घरेलू मैदान पर 1-0 से हराकर विमेंस जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीत लिया।
भारत ने इससे पहले 2023 और 2024 में भी यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था। इस बार चीन की धरती पर मिली जीत ने भारतीय टीम की उपलब्धि को और खास बना दिया।
फाइनल में चीन को 1-0 से हराया
चीन के हुलुनबुइर स्थित मोकी ट्रेनिंग बेस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत और चीन के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय टीम ने मजबूत डिफेंस के साथ मेजबान टीम को कोई मौका नहीं दिया।
भारत को 17वें मिनट में सफलता मिली, जब सानिका चंद्रकांती माने ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके सभी हमलों को नाकाम कर दिया। अंतिम सीटी तक भारत ने बढ़त बरकरार रखी और खिताब अपने नाम कर लिया।
गीता यादव ने भी छोड़ी अपनी छाप
कबीरधाम जिले के बोड़ला के वार्ड नंबर-14 की रहने वाली गीता यादव टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम की अहम खिलाड़ियों में शामिल रहीं। कई मुकाबलों में उनके प्रदर्शन की सराहना हुई। टूर्नामेंट के एक मुकाबले में गीता को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला था। फाइनल में भी उन्होंने टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप चरण में टीम ने तीन मुकाबले जीते, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। इसके बाद नॉकआउट मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने जीत का सिलसिला जारी रखा। अंत में मेजबान चीन को हराकर भारत ने बिना कोई मुकाबला गंवाए जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
बोड़ला से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का सफर
गीता यादव की यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ पूरे कबीरधाम जिले के लिए गर्व का विषय है। भारतीय टीम की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिताबी जीत का हिस्सा बनना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी सफलता क्षेत्र की उन युवा प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सपना देख रही हैं।
भारत की लगातार तीसरी जूनियर एशिया कप जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी गीता यादव की भागीदारी ने प्रदेश के खेल जगत को भी गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से बोड़ला और कबीरधाम क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

