रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 57 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादले किए हैं। राजस्व विभाग ने बुधवार को स्थानांतरण आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करना होगा।
तहसीलदारों में उमेश कुमार कुशवाहा को कोरिया से रायगढ़, संतोष कुमार धुव को दंतेवाड़ा से महासमुंद, शिवम पांडेय को रायगढ़ से दंतेवाड़ा, कमलावती सिंह को सरगुजा से जांजगीर-चांपा, जयश्री राजन पाथे को जशपुर से बिलासपुर और चितेश कुमार देवांगन को गरियाबंद से राजनांदगांव भेजा गया है।
इसी तरह पूनम रश्मि तिग्गा का बलरामपुर-रामानुजगंज से कोरबा और रूपेश कुमार मरकाम का बस्तर से कांकेर तबादला किया गया है। इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, जशपुर, बालोद, धमतरी, रायगढ़ समेत अन्य जिलों में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
प्रशिक्षण शालाओं में भी पदस्थापना
स्थानांतरण सूची में कुछ अधिकारियों को पटवारी प्रशिक्षण शाला और राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला में पदस्थ किया गया है। नायब तहसीलदारों में मोहन लाल साहू और रश्मि पटेल का आपसी स्थानांतरण किया गया है।
वहीं प्रियंका कुशवाहा को बेमेतरा से पटवारी प्रशिक्षण शाला रायपुर, उन्मेष पटेल को रायगढ़ से महासमुंद, प्रेरणा सिंह को महासमुंद से रायपुर और जयेंद्र सिंह को बलरामपुर-रामानुजगंज से रायपुर भेजा गया है।
राजस्व विभाग के आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार संभालना होगा।

