कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल और डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। ज्वलनशील पदार्थ से लदे टैंकर में आग लगने की खबर से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
टैंकर स्टार्ट करते ही भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल लेकर वार्डफनगर की ओर जा रहा था। गुरसियां के पास चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और खाना खाने चला गया। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को दोबारा स्टार्ट किया गया, पार्किंग के पास अचानक आग भड़क उठी।
आग की लपटें देखकर चालक और कंडक्टर ने बिना देर किए टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा टैंकर धू-धूकर जलने लगा।
हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतार
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टैंकर में पेट्रोल-डीजल होने के कारण पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों और वाहनों को घटनास्थल से दूर रखने की कोशिश शुरू की।
आग के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और यातायात टीम ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आवागमन को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
ज्वलनशील पदार्थ के कारण बढ़ा खतरा
टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के चलते आग के बाद आसपास के क्षेत्र में खतरा काफी बढ़ गया। संभावित विस्फोट की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। फिलहाल टैंकर में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। वहीं, हाईवे पर यातायात को सामान्य करने के लिए भी प्रयास जारी हैं।

