छत्तीसगढ़ में आज जमकर बरसेंगे बदरा! 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में बुधवार को भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में यह मौसमी सिस्टम उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और बेमेतरा समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

मंगलवार को कई इलाकों में हुई बारिश

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

चांदो में 15 सेंटीमीटर बारिश

प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश चांदो में 15 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर में 12 सेंटीमीटर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई।

चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि बलौदाबाजार, सोनाखान और जनकपुर भरतपुर में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रहा।

मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892